फिरोजाबाद। सुख, समृद्धि और रोशनी का पर्व दिवाली बृहस्पतिवार को शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान दीपों की रोशनी से सुहागनगरी रोशन नजर आई। घर-घर में लक्ष्मी-गणेश का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। घरों के साथ व्यवसायिक व औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर भी पूजन किया गया। मिठाई खिलाकर और उपहार देकर एक दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं देने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई।
दिवाली का त्योहार बृहस्पतिवार को सुहागनगरी में धूमधाम से मनाया गया। सुबह होते ही बधाई दिवाली की बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने घर की सजावट की और फूलमालाओं, बंदनवाल और रंगोली सजाकर घर को आकर्षक रूप से सजाया गया। दोपहर बाद लोगों ने घरों में पूजन की तैयारी शुरू कर दी गई। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में शाम चार बजे से पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया।
कई स्थानों पर पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण के साथ लक्ष्मी पूजन और आरती कराई। प्रतिष्ठान स्वामियों ने अपने कारीगरों को गिफ्ट पैक, मिष्ठान वितरित किए। वहीं, घरों में मुहूर्त के हिसाब से रात में लक्ष्मी-गणेश का पूजन किया गया। शाम के समय लोग मंदिरों में भी लोग दीपक चढ़ाने पहुंचे। पूजन के बाद युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। सुहागनगरी का आसमान पटाखों की रोशनी से रोशन नजर आया।
मिठाइयों की दुकानों पर रही भीड़
दिवाली पर सुहागनगरी में मिठाइयों की जमकर बिक्री हुई। शहर की प्रमुख दुकानों से लेकर गली, मोहल्लों में हलवाइयों की दुकानें ग्राहकों से देरशाम तक गुलजार रहीं। दोपहर तक मिठाइयों का स्टॉक खत्म होने लगा। मिठाई विक्रेताओं ने अब भैयादूज की तैयारी करना शुरू कर दी है।
गेंदा के फूल की रही बिक्री
दिवाली के दिन गेंदे के फूलों की खासी मांग रही। लोग पूजन के अलावा घरों को सजावट के लिए फूल खरीदते नजर आए। दिवाली पर 25 से 35 रुपये मीटर के हिसाब से गेंदे के फूल की माला बिकी। शाम ढलते-ढलते गेंदे के फूलों के दाम आसमान को छूने लगे।
रंग-बिरंगी रोशनी में दिखा आसमान
एनजीटी के निर्देश के बावजूद युवाओं ने दिवाली पर जमकर आतिशबाजी की। तेज धमाकों साथ आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी करने वाले पटाखे भी चलाए गए। पटाखे की दुकानों पर शाम तक भीड़ लगी रही। शाम होते-होते पटाखों के दाम भी बढ़ते गए। कई दुकानों पर शाम के मय सीता-गीता का एक पैकेट 150 से 180 तक बेचा गया।