फिरोजाबाद। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा धात्री महिलाओं एवं बच्चों को बंटने वाला रिफाइंड, गेहूं, चावल, दलिया के साथ अन्य सामान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर में बंद मिला। प्रभारी सीडीपीओ शकुंतला गौतम के साथ शहर प्रथम की सुपरवाइजर नीलम व द्वितीय परियोजना की सुपरवाइजर इंद्रा गौतम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर छापा मारा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ थाना रामगढ़ में तहरीर दी है। मकान से मिला पुष्टाहार अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के सुपुर्द कर दिया है।
आंबेडकर पार्क सैलई क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज देवी के द्वारा धात्री महिलाओं के साथ-साथ बच्चों को पिछले तीन माह से सामग्री का वितरण नहीं किए जाने की शिकायत विभाग को मिली थी। डीपीओ आभा सिंह के निर्देश पर मंगलवार को प्रभारी सीडीपीओ शकुंतला गौतम, शहर प्रथम की सुपरवाइजर नीलम व द्वितीय परियोजना की सुपरवाइजर इंद्रा गौतम के पुलिस फोर्स के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर छापा मारा।
टीम के आने की भनक लगते ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज देवी मौके से गायब हो गई। टीम ताला तोड़कर घर के अंदर पहुंची। घर में बड़ी मात्रा में महिलाओं एवं बच्चों को वितरित की जाने वाली पुष्टाहार से जुड़ी सामग्री मिली है। इसमें 18 पैकेट वीनिंग पंजीरी जिसकी एक्सपायरी तिथि 30 अगस्त 2020 थी। दूध पाउडर 16 पैकेट जो फरवरी 2021 तक वैध थे। दलिया पांच सौ ग्राम 62 पैकेट, एक किलोग्राम दलिया के 116 पैकेट यह जुलाई 2021 तक वैध थे। इसके अलावा एक क्विंटल गेहूं, 90 किलोग्राम चावल के साथ चना दाल एक किलोग्राम के 119 पैकेट जो अप्रैल 2021 तक वैध थे। रिफाइंड की भरी हुई 15 लीटर कैन मिलीं। रिफाइंड छह पैकेट के मिले है।
सख्त कार्रवाई की संस्तुति
डीपीओ आभा सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज देवी ने लाभार्थियों को सामग्री का वितरण नहीं किया है। कार्यकर्ता के द्वारा शासकीय कार्य में घोर अनियमितता की गई है। उन्होंने कार्यकर्ता सरोज देवी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संस्तुति की है। इस संबंध में थाना रामगढ़ पुलिस को तहरीर दी है।