फिरोजाबाद। जनपद न्यायालय परिसर में 12 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। हेल्प डेस्क पर यातायात पुलिस की ओर से काटे गए चालानों का निस्तारण करके शमन शुल्क जमा कराया जा रहा है। तीस हजार से अधिक वादों के निस्तारण का लक्ष्य है।
राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज आजाद सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में ग्राम न्यायालय टूंडला एवं जसराना, जिला कलक्ट्रेट सभी तहसीलों के सिविल न्यायालय में मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत की प्रभारी सचिव मिनाक्षी सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय प्रकृति के दांडिक वाद, बैंक ऋण संबंधी, उत्तराधिकार वाद ,पेंशन, श्रम, छात्रवृत्ति, विद्युत बिल के साथ ही अन्य शमनीय वादों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से किए जाने की व्यवस्था की है।