फरिहा। थाना फरिहा क्षेत्र में युवती ने 22 दिसंबर को गांव के ही युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। सोमवार रात कीटनाशक का सेवन करने से युवक की मौत हो गई। युवक के परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर थाने के बाहर बैठ गए और जाम लगा दिया। परिजन का आरोप है कि युवती के भाइयों ने हथियारों के बल पर जबरन युवक को जहर खिलाया था, जिससे उसकी मौत हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर जाम खुल पाया।
गांव वलीपुर तपस्या निवासी हर्षित (22) की सोमवार देर शाम जहर के सेवन से मौत हो गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने परिजन के सुपुर्द कर दिया। परिजन ने शव थाने के बाहर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ सिरसागंज प्रवीण तिवारी सहित आसपास के थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तत्काल चार को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया। जब जाकर परिजन सड़क से हटे।
मृतक के पिता कैलाशचंद्र ने बताया कि गांव की युवती जबरन बेटे से फोन पर बातचीत करती थी। जानकारी युवती के परिजन को हो गई। इसके बाद बेटे को जान से मारने की धमकी देने लगे। 22 दिसंबर को युवती ने हर्षित के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा भी दर्ज कराया था। सोमवार को हर्षित अचानक घर से गायब हो गया। देर शाम अचेत अवस्था में गांव के बाहर पड़ा मिला। उसे उपचार के लिए आगरा ले जाते समय मौत हो गई। कैलाशचंद्र ने बताया कि पुत्र से उसकी बातचीत हुई थी। उसने बताया कि युवती के भाइयों ने तमंचा सिर पर लगाने के बाद गला दबाया और जबरन उसे जहर खिलाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने राजेश उर्फ राजू, राजेन्द्र प्रधान उर्फ नेता, राकेश और सनी उर्फ सुरजीत के खिलाफ हत्या, जबरन जहर खिलाने और ब्लैकमेल कर पैसा वसूलने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ढाई घंटे जाम रहा मार्ग
हर्षित के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन थाने के बाहर शव रखकर बैठ गए और मार्ग जाम कर दिया। हंगामे की सूचना पर सीओ सिरसागंज, थाना एका, जसराना व अन्य थानों का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। काफी देर तक अधिकारी परिजन को समझाते रहे, लेकिन परिजन ने किसी की एक न सुनी। परिजन की मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। करीब ढाई घंटे तक मार्ग जाम रहा। उसके बाद तुरंत मुकदमा दर्ज कराया गया।