फीरोजाबाद। श्रावणमास के तीसरे सोमवार को शिवालयों में पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भगवान शिव को बेलपत्र, फल, फूल, गंगाजल और दूध आदि चढ़ाया। दिनभर भजन-कीर्तन और शाम को आरती के साथ प्रसाद का वितरण किया गया। प्रमुख मंदिरों में भव्य फूल बंगला सजाए गए।
शिवालयों में पूजा अर्चना के लिए तड़के चार बजे से ही टोलियों के रूप में श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए थे। हर कोई शिव की अपने ढंग से पूजा अर्चना कर रहा था। पूजा की थाली को सजाए महिलाएं एवं युवतियां टोलियों के रूप में शिव के मंदिर पहुंची। बाईपास रोड स्थित गोपाल आश्रम प्रांगण में भगवान शिव की काफी बड़ी पिंडी के दर्शन श्रद्धालु कर रहे थे। जलाभिषेक के साथ दुग्धाभिषेक किया। धतूरा, बेलपत्र के साथ फूलमाला आदि चढ़ाई। गुलाब की पंखुड़ियों से सजी शिव की पिंडी आकर्षण का केंद्र थी। गल्ला मंडी के ही प्रांगण में स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर, पुरानी तहसील के प्रांगण में पंचमुखी महादेव मंदिर, कोटला रोड पर स्थित श्री रमणेश्वर महादेव मंदिर पर पूजा आरती के साथ भव्य फूल बंगला सजाया गया। आरती के साथ प्रसाद का वितरण किया गया। पेमेश्वर गेट स्थित पेमेश्वर नाथ महादेव के मंदिर, शिव बजरंग वाटिका एवं मोहल्ला दुली के प्रांगण में स्थित श्री सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर, बस स्टेंड के समीप स्थित लाला कुंजीलाल की बगीची प्रांगण स्थित शिव मंदिर पर पूजा अर्चना की गई। गली मोहल्लों में स्थित शिवालयों पर भीड़ रही। शाम को बच्चों की भी टोलियां आरती के साथ प्रसाद पाने को आतुर दिखाई दीं। श्री राज राजेश्वरी मां कैलादेवी भवन के प्रांगण में स्थित भगवान शिव के साथ ही हनुमान रोड स्थित शिवालय में श्रद्धालुओं की भीड़ थी।
आगरा पहुंचे काफी श्रद्धालुजन
श्रावण मास के तीसरे सोमवार को मनकामेश्वर और कैलाश मंदिर के दर्शन के को नगर से काफी श्रद्धालु रवाना हुए। वहीं बटेश्वर धाम भी श्रद्धालु जत्थे के रूप में रवाना हुए।
सांती में चढ़ाई कांवड़, रही भीड़
नगर से आठ किलोमीटर दूर स्थित ग्राम सांती में स्थित भगवान शिव के प्राचीन मंदिर पर कांवड़ियों ने शिवजी को गंगाजल अर्पित किया। भगवान भोले की गीतों पर कांवड़िया टोलियों के रूप में थिरकते हुए दिखाई दिए।