नगर निगम के जगह-जगह लगाई हाथ धोने के लिए टंकियां। टंकी चैक करती महापौर नूतन राठौर
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना वायरस से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई है। इसके अनुसार प्रत्येक व्यक्ति को कोरोना से बचाव के लिए कुछ समय के अंतराल पर सही तरीके से साबुन से हाथ धोते रहना चाहिए। जिसके तहत नगर निगम ने शहर के करीब दस स्थानों पर साबुन से हाथ धोने की व्यवस्था की है।
महापौर नूतन राठौर ने बताया कि कंपनी बाग चौराहा, नालबंद चौराहा, रसूलपुर सब्जी मंडी, कोटला रोड चौराहा, कोटला रोड चौराहा, कोटला रोड बंबा चौराहा, सैलई मैन चौराहा, सुहागनगर सब्जी मंडी, छारबाग सब्जी मंडी, ककरऊ चौराहा तथा नगला भाऊ चौराहा पर हाथ धोने की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस व्यवस्था के अंतर्गत 500 लीटर की पानी की टंकी, हाथ धोने के लिए हैंडवॉस रीफिल तथा स्टील बासवेसिन टोंटी की व्यवस्था की गई है। जिससे आम नागरिक को हाथ धोने में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। टंकियों को भरने की जिम्मेदारी जलकल विभाग को सौंपी गई है। नगर आयुक्त विजय कुमार ने सब्जी मंडी में दो स्थानों पर तथा पुराली तहसील सब्जी मंडी पर हाथ धोने की व्यवस्था बनाए रखने एवं इसके अतिरिक्त मुख्य चौराहों पर संचालित स्थायी प्याऊ पर भी डिस्पैंसर लगाकर हाथ धोने की व्यवस्था बनाए जाने के निर्देश जारी किए हैं।