फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग के 1827 परिषदीय स्कूलों में सोमवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। सैंपल पेपर शिक्षकों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। दो से पांचवीं तक के छात्र लिखित व मौखिक परीक्षा देंगे। दो घंटे का पेपर होगा, छात्रों को पेपर मिलने की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।अद्र्धवार्षिक परीक्षाएं 28 दिसंबर तक आयोजित करायी जाएंगी। विद्यालय स्तर पर पेपर ब्लैक बोर्ड पर उतारा जाएगा, या फिर फोटो कॉपी छात्रों को उपलब्ध कराई जाएगी। कक्षा एक के छात्र सिर्फ मौखिक परीक्षा देंगे। जबकि दो व तीन में लिखित, मौखिक परीक्षा होगी दोनों से 50-50 अंक के प्रश्न आएंगे। कक्षा चार और पांच में 70 अंक की लिखित परीक्षा होगी, 30 अंक की मौखिक परीक्षा होगी। साथ ही कक्षा छह और आठवीं के छात्र सिर्फ लिखित परीक्षा देंगे। इस सत्र की लिखित अद्र्धवार्षिक परीक्षा 50 अंकों की होगी, जिसमें बहु विकल्पीय प्रश्न, अति लघु उत्तरीय प्रश्न, लघु उत्तरीय, दीर्घ उत्तरीय प्रश्न सम्मलित होगी। समस्त कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विद्यालयों के अध्यापकों द्वारा किया जाएगा।
डाइट में प्रश्न पत्र तैयार करने बाद सैंपल पेपर खंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। छात्रों के लिए प्रश्न ब्लेक बोर्ड पर लिखे जाएंगे। पहली पाली सुबह साढ़े नो से साढ़े 11 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली दोपहर साढ़े 12 बजे से ढाई बजे तक चलेगी। पांच दिन में परीक्षाएं संपन्न करा दी जाएंगी।
स्कूलों में छमाही परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई जाएगी। मॉडल प्रश्न पत्र शिक्षकों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। छात्रों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। - उपेंद्र सिंह, नगर शिक्षाधिकारी