टूंडला। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने दो सगी बहनों का उत्पीड़न करते हुए घर से निकाल दिया। साथ ही मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़िताओं ने ससुरालियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव बसई निवासी सत्यवती और गुंजन की शादी राकेश व योगेंद्र निवासी गांव बडार थाना सादाबाद, हाथरस के साथ 17 अप्रैल 2016 में हुई थी। ससुरालीजन शादी में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। ससुरालियों ने विवाहिताओं से अतिरिक्त में पांच लाख की मांग करते हुए उनका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। इस बीच सत्यवती से नैतिक सात वर्ष, दक्ष तीन वर्ष और गुंजन से रजत एक वर्ष पुत्र हुए। इसके बावजूद उनका उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
विवाहिताओं का आरोप है कि 29 अक्तूबर 24 को जेठ बच्चू सिंह और प्रेम प्रधान ने गुंजन के साथ अभद्रता की। इसकी विवाहिताओं ने मायके में शिकायत की तो भाई वहां पहुंचा। ससुरालियों ने उनकी पिटाई कर दी। ससुरालियों ने दोनों बहनों को बिना बच्चों को दिए घर से निकाल दिया। सत्यवती और गुंजन ने पति राकेश, योगेंद्र, ससुर बृजमोहन, जेठ बच्चू सिंह, मुकेश, प्रेम प्रधान, संजय, कृष्णकांत के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांचकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।