शिकोहाबाद। टैक्स चोरी की शिकायत पर जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने शहर के एमआई स्टोर पर सर्वे की कार्रवाई की। इस कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने जांच-पड़ताल के बाद 1.72 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
शहर के एटा रोड स्थित ज्योति ट्रेडिंग कंपनी एमआई स्टोर पर बृहस्पतिवार देर शाम जीएसटी विभाग के अधिकारी उमाशंकर विश्वकर्मा के नेतृत्व में सर्वे की कार्रवाई की। विभागीय अधिकारियों को पिछले कई दिनों से स्टोर से टैक्स चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। जिसकी जांच के लिए टीम एमआई स्टोर पर पहुंची। टीम को देखकर स्टोर स्टाफ के भी होश उड़ गए। इतना ही नहीं अन्य कारोबारी कार्रवाई के भय से अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिराकर घर भाग गए।
जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने दुकान के स्टॉक व उपलब्ध सामान का मिलान किया। कई घंटों तक अभिलेखों की जांच-पड़ताल चलती रही। अभिलेखों की जांच के बाद टीम ने स्टोर पर 1.72 लाख रुपयों का जुर्माना लगाया। जीएसटी विभाग के अधिकारी उमाशंकर विश्वकर्मा ने बताया कि ज्योति ट्रेडिंग कंपनी एमआई स्टोर पर जीएसटी चोरी की शिकायत मिली थी। इसके चलते कार्रवाई की गई है।