फिरोजाबाद। शादी समारोह से दावत खाकर लौट रहे कांच कारोबारी के बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायल को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
रसूलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला आसफाबाद, हाथी वाली गली निवासी मनोज कुमार का 19 वर्षीय पुत्र प्रियांशू साथी आकाश निवासी आसफाबाद के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए श्रीराम वाटिका गया था। देर रात प्रियांशू व आकाश बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक प्रियांशू के मित्र रमन की थी, जिसे प्रियांशू चला रहा था। बाइक जब रामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाईपास मार्ग स्थित बीपीएल मैदान के समीप पहुंची तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे प्रियांशू और आकाश घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाती प्रियांशू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आकाश को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने प्रियांशू के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोरचरी में रखवा दिया। थानाध्यक्ष रामगढ़ हरर्वेंद्र मिश्रा का कहना है कि युवक की मौत अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।