शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। तहसील क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत के प्रधान पर मनरेगा जॉब कार्ड धारकों के जॉब कार्ड से उनका नाम हटा कर अपने परिवार के व्यक्तियों के नाम चढ़ाने की शिकायत जिलाधिकारी को ऑनलाइन की है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान ने अपनी पत्नी, भाई, भतीजों के अलावा अपने मिलने वालों के जॉब कार्ड बना कर सरकार से मिलने वाली आर्थिक सहायता को हड़पा जा रहा है, जबकि गांव के पात्र व्यक्ति इससे वंचित हैं। ग्राम सौरख निवासी राहुल ने जिलाधिकारी को ऑनलाइन शिकायती पत्र भेज कर रूधऊ के प्रधान के खिलाफ जांच कराने तथा दोषी मिलने पर कार्रवाई की मांग की है। राहुल ने डीएम को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि ग्राम पंचायत रूधऊ के प्रधान ने मजरा सौरख में मनरेगा के मजदूरों के जॉब कार्ड अपनी पत्नी, भाई और भतीजों के नाम बना कर सरकार से मिलने वाली धनराशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
जबकि गांव के पात्र व्यक्ति इस लाभ से वंचित हैं। राहुल ने प्रधान की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है। राहुल ने प्रधान की पत्नी लक्ष्मीदेवी, भाई भंवरपाल, मुन्नीदेवी, मनोज देवी, विमल, रीनादेवी, कमलेश और वेबी के नाम से आठ जॉब कार्ड बना कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। प्रधान श्याम सिंह का कहना है कि उनके परिवार के सदस्य अलग रहते हैं और उनके जॉब कार्ड बने हैं। नियम है कि कोई भी व्यक्ति जॉब कार्ड बनवा कर मनरेगा में काम कर सकता है। उन पर आरोप प्रधानी के चुनाव को लेकर लगाए जा रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम एकता सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। अगर ऐसी कोई शिकायत है तो उसकी जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।