टूंडला। किसानों को पर्याप्त बिजली न मिलने पर भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारियों ने रविवार को पचोखरा विद्युत फीडर के बिजली कर्मचारियों और अफसरों का घेराव किया। साथ ही जमकर नारेबाजी की। इस दौरान किसानों ने फीडर पर तालाबंदी करने की कोशिश भी की। मौके पर पहुंची पुलिस और विद्युत अधिकारियों के आश्वासन पर किसानों ने एसडीओ को ज्ञापन देकर विरोध-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की भारी कटौती से किसान परेशान हैं। किसानों की मांग के बावजूद बिजली न मिलने पर रविवार सुबह 11 बजे भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारी पचोखरा के तारा नगर स्थित विद्युत फीडर पर पहुंच गए। इस दौरान यूनियन के नितिन चौहान ने कहा कि बिजली के अभाव में किसानों की फसल सूख रही है।
उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। शीलू सिकरवार ने कहा कि 18 घंटे के स्थान पर मात्र चार घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण उन्हें सिंचाई में परेशानी हो रही है। इस बीच वहां मौजूद विद्युत अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो कुछ पदाधिकारी फीडर में घुस गए। इस बीच जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष संजय सिंह मौके पर पहुंच गये।
यूनियन पदाधिकारियों ने जब फीडर कार्यालय की विद्युत आपूर्ति को बंद कराते हुए तालाबंदी का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे विफल कर दिया। पुलिस और वहां पहुंचे विद्युत एसडीओ राजवीर सिंह ने यूनियन पदाधिकारियों को बिजली देने का आश्वासन दिया, तब जाकर वे शांत हुए।
यूनियन पदाधिकारियों ने ऊर्जा मंत्री के नाम एसडीओ राजवीर सिंह को ज्ञापन सौंपा है। इस मौके पर टिकैत प्रताप सिंह, मोहन सिंह धाकरे हेमंत सिंह, रोहित, सनी, संदी कुमारप, जगमोहन सिंह, नितिन कुमार, करू धाकरे आदि मौजूद रहे।