फिरोजाबाद। नंदपुर इंटेक प्लांट तक मंगलवार देर रात को पानी पहुंच गया लेकिन सुबह शहर के सभी क्षेत्रों में गंगाजल की आपूर्ति नहीं हो सकी। कई मोहल्लों में पानी का संकट रहा।
झालगोपालपुर नहर की सफाई कार्य पूरा होने के साथ ही रविवार शाम को नदरई बांध से पानी झालगोपालपुर में छोड़ दिया गया लेकिन पानी का बहाव धीमा होने के कारण मंगलवार शाम तक नंदपुर इंटेक तक पानी नहीं पहुंच सका। ऐसे में मंगलवार को गंगा जल की आपूर्ति बाधित रही।
मंगलवार शाम तक नंदपुर इंटेक तक पानी न पहुंचने के कारण जलकल और जल निगम के अधिकारियों के हाथ पैर फूलने लगे। हालांकि देर रात किसी तरह इंटेक प्लांट तक पानी पहुंच गया और बुधवार को शहर के कुछ क्षेत्रों में गंगाजल की आपूर्ति की गई। जलकल विभाग के अवर अभियंता धर्मेंद्र सत्संगी टीम के साथ झालगोपालपुर नहर के किनारे डेरा डाले रहे।
रात करीब दो नंदपुर इंटेक पर पानी पहुंचते ही अधिकारियों के चेहरे पर राहत नजर आई। रात को ही नंदपुर इंटेक से सैलई ट्रीटमेंट प्लांट को पानी देने के साथ ही टंकियां भरवाने का काम शुरू कर दिया गया। कुछ क्षेत्रों में सुबह आपूर्ति दे दी गई जबकि कई मोहल्लों में पानी नहीं पहुंचा।
इन क्षेत्रों में रहा पानी का संकट
गंगा जल की सप्लाई शुरु होने के बाद भी बुधवार को 60 फुटा रोड, विभव नगर, मथुरा नगर, नई बस्ती, बर्तन वाली गली, हाजीपुरा, आनंदनगर, सम्राटनगर, नगला मिर्जा, कश्मीरीगेट, आंबेडकर पार्क सैलई, जलेसर रोड, दम्मामलनगर, लेबर कालोनी, करबला, गांधी नगर आदि क्षेत्रों में पानी का संकट रहा। यहां पर टैंकरों से पानी की सप्लाई की गई।
बुधवार को दोनों समय शहर को गंगा जल की सप्लाई दी गई है। जिन क्षेत्रों में दिक्कत थी, वहां टैंकर भेजे गए थे। गुरुवार से पूरे नगर में सप्लाई मिलेगी।
धर्मेंद्र सत्संगी - अवर अभियंता जलकल विभाग
रात दो बजे नंदपुर इंटेक तक पानी पहुंचा था। इसके बाद शहर को पानी देने के लिए टंकियां भरवाना शुरु कर दिया गया। गुरुवार से भरपूर सप्लाई मिलेगी।
राकेश कुमार - अधिशासी अभियंता जल निगम