फिरोजाबाद/फरिहा। आगरा में तैनात अपर जिला सहकारी अधिकारी अवध नरेश के साथ फरिहा थाना क्षेत्र के गांव ईखू के समीप सड़क पर खड़े युवकों ने अभद्रता कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें कार से खींचने का प्रयास किया और उनकी शर्ट फाड़ दी। आरोपियों से बचकर थाना फरिहा पहुंचे पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया तो महिलाओं ने विरोध कर दिया। इस बीच आरोपी मौके से भाग गया।
मूल रूप से एटा निवासी अवध नरेश आगरा में अपर जिला सहकारी अधिकारी के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में परिवार के साथ शिकोहाबाद में रहते हैं। बुधवार शाम अवध नरेश कार में सवार होकर एटा से फिरोजाबाद होते हुए शिकोहाबाद जा रहे थे। गांव ईखू के समीप रास्ते में चार पांच युवक खड़े थे। उन्होंने युवकों से साइड से होने को कहा तो युवकों ने अवध नरेश के साथ अभद्रता कर दी। विरोध करने पर आरोपी युवकों ने उन पर हमला बोल दिया और कार से खींचने का प्रयास किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। किसी प्रकार अवध नरेश फरिहा थाने पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराया। आरोपियों को पकड़ने के लिए फरिहा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस पर गांव की महिलाएं एकत्रित हो गई और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। तभी मौका पाकर आरोपी युवक पुलिस ने छूटकर भाग गया। पीड़ित ने आरोपी युवकों के खिलाफ फरिहा पुलिस को तहरीर दी है।
दो तीन युवक घर के सामने खड़े थे। कार को साइड न देने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी किसी को हिरासत में नहीं लिया गया था।
जेपी सिंह - कोतवाल फरिहा