फिरोजाबाद/धौलपुर। तीन साल पहले अगवा की गई फिरोजाबाद निवासी 22 वर्षीय एक महिला को राजस्थान के धौलपुर के थाना कंचनपुर पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसे तीन बार बेचकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस मामले में धौलपुर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
धौलपुर के थाना कंचनपुर प्रभारी ने बताया कि तीन साल पहले फिरोजाबाद निवासी महिला का अपहरण किया गया था। अलग-अलग लोगों ने उसे तीन साल में तीन बार बेचा। उसके साथ गैंगरेप किया। महिला के दो बच्चे हैं। उसकी शादी आगरा में हुई थी। तीन साल पहले जब वह अपने पिता के घर गई थी, तभी एक महिला का अपहरण कर लिया था।
मंगलवार रात महिला ने किसी तरह अपने पिता को फोन करके अपनी लोकेशन बताई। महिला के पिता ने कंचनपुर पुलिस से संपर्क किया। बुधवार को महिला को कंचनपुर थाने के गांव बेनपुरा से बरामद कर लिया गया। महिला ने पुलिस को बताया कि तीन साल में उसके साथ कई बार गैंगरेप किया गया और उसे तीन बार बेचा गया। कंचनपुर थाना पुलिस ने प्रेम सिंह और पप्पू गुज्जर के खिलाफ मानव तस्करी और गैंगरेप का मामला दर्ज किया है।