फिरोजाबाद। पीएम कृषि विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान किसानों को दिए गए सब्सिडी युक्त कृषि यंत्रों की स्थलीय जांच कराई जाएगी।
कई जिलों में पुराने कृषि यंत्रों का सर्वे करा सब्सिडी लेने की शिकायत शासन स्तर तक पहुंची हैं। शासन ने इस पर सभी जिलों में वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान पीएम कृषि विकास योजना के लाभार्थी किसानों की जांच के निर्देश दिए हैं। शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अपर मुख्य सचिव कृषि द्वारा आदेश जारी किए गए। ट्रैक्टर, हार्टिकल्चर, थ्रेसर आदि कृषि यंत्र की खरीद पर सब्सिडी पाने वाले किसानों की सूची तैयार करने एवं जांच को कहा गया है। जांच के दौरान अनुदानित कृषि यंत्र का स्थलीय अवलोकन किया जाएगा।
गड़बड़ी मिली तो प्रधान, लाभार्थी व कंपनी पर होगी कार्रवाई
लाभार्थी किसानों की जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी मिलने की स्थिति में शासनादेश के अनुसार लाभार्थी किसान, प्रधान एवं कृषि यंत्र विक्रेता कंपनी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
डॉ हंसराज, उप निदेशक कृषि