फिरोजाबाद। निरीक्षण को पहुंची सीडीओ को कई ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत घर निर्माण में कई अनियमितताएं मिलीं। जेबड़ा में मंदिर की भूमि पर नियम विरुद्ध तरीके से निर्माणाधीन पंचायत घर को श्रमदान घोषित करने के निर्देश डीपीआरओ को दिए। सीडीओ के निर्देश पर चार सचिवों व अन्य जिम्मेदारों को चेतावनी और कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन ने शनिवार को कई ग्राम व पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गांव सिरमई स्थित परिषदीय विद्यालय जर्जर अवस्था में मिला। भवन को तत्काल ध्वस्त कराने के निर्देश जारी किए। पंचायत घर निर्माण में पीला ईट मिलने पर पंचायत सचिव जितेंद्र कुमार को कठोर चेतावनी जारी की गई है। गांव श्यावरी में ग्राम सभा की भूमि पर रसूखदारों ने कब्जा किए जाने की शिकायत पर सीडीओ ने जिलाधिकारी के माध्यम से उचित कार्रवाई कराने के निर्देश ग्राम सभा के जिम्मेदारों को दिए। सांखनी में फर्जी तरीके से लोगों को जॉब कार्ड जारी किए जाने, पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को शेष राशि का भुगतान नहीं करने एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण में खामी मिलीं।
पंचायत सचिव महेद्र सिंह को कठोर चेतावनी निर्गत की गई है। वहीं परिषदीय विद्यालय में पोषण वाटिका नहीं बनाने एवं ड्रेस वितरण नहीं किए जाने की स्थिति में प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
सुजावलपुर पहुंची सीडीओ को रास्ते में पूरा मार्ग उबड-खाबड स्थिति में मिला। सामुदायिक शौचालय निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग होते मिला। इस पर पंचायत सचिव कृष्ण कुमार, अतुल कुमार के अलावा अवर अभियंता आरईडी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।