फिरोजाबाद। चौथे चरण का मतदान कराने के लिए फिरोजाबाद से पुलिस फोर्स को रवाना कर दिया गया है। ऐसे में आपको जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के साथ ही सुरक्षा की कमान संभालनी होगी। फोर्स के जाने के बाद सोमवार को शहर से लेकर देहात क्षेत्र की अधिकांश चौकियों पर फोर्स कम हो गई।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फिरोजाबाद की शिकोहाबाद, सिरसागंज, जसराना, टूंडला और फिरोजाबाद सीट पर 20 फरवरी को वोट पड़े थे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही गैर जिले से आए फोर्स के साथ 21 फरवरी को जिले से फोर्स को चौथे चरण के मतदान के लिए हरदोई रवाना हो गई।
हरदोई में चौथे चरण में 24 फरवरी को मतदान होना है। इसके लिए जिले से करीब 804 सिपाही और हेड कांस्टेबिलों के साथ 93 उपनिरीक्षकों को भेजा गया है। जो हरदोई में चौथे चरण का मतदान कराने के बाद बाराबंकी, कुशीनगर होते हुए सातवें चरण के मतदान के लिए आजमगढ़ पहुंचेंगे।
यहां चुनाव कराने के बाद जिले में आएंगे।चुनाव प्रभारी बैजनाथ ने बताया कि चौथे, पांचवें, छठवें व सातवें चरण के लिए सोमवार को जिले से फोर्स रवाना कर दिया गया है। यह फोर्स आजमगढ़ में मतदान कराने के बाद आठ मार्च तक फिरोजाबाद वापस होगा। इस बीच जिले की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा जिले में मौजूद फोर्स के कंधों पर रहेगी।