एका। दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही पटाखों का भंडारण जारी है। एका थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूचना पर एसपीजी रोड स्थित किराए के मकान में छापे की कार्रवाई कर करीब 110 किलो आतिशबाजी सामग्री बरामद की। मकान में पांच कार्टन के अंदर बड़ी मात्रा में पटाखे रखे थे। पुलिस ने सामग्री कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
शाहरुख खान निवासी गांधी मूर्ति एका ने एसपीजी रोड पर कृष्णवीर निवासी बाहारपुर का मकान किराए पर ले रखा था। मकान में काफी मात्रा में पटाखे होने की सूचना पर पुलिस टीम ने तलाशी ली। इस दौरान पांच कार्टन में रखे करीब 110 किलो पटाखे बरामद हुए। इसमें फुलझड़ी, अनार, रॉकेट और बी-बम समेत अन्य प्रकार के पटाखे शामिल हैं। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली मच गई। इस दौरान थानाध्यक्ष राजेश पांडेय, उपनिरीक्षक जगदीश सिंह और अग्निशमन अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ जसराना प्रेमप्रकाश पांडेय ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी प्रकार की भी अनियमितता मिलने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।