फिरोजाबाद। नेचुरल गैस आपूर्ति लेने, शिफ्टिंग एवं सप्लाई संबंधी अन्य समस्याओं के निदान को शहर की कांच इकाइयों ने सीईसी एवं टीटीजेड द्वारा तय प्रारूप ब्लॉक-1 पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जबकि एक अन्य इकाई द्वारा गैस मीटर शिफ्टिंग को आवेदन की बात प्रकाश में आई।
बीते दिन जिला उद्योग केंद्र में नीरी विशेषज्ञों व टीटीजेड कमेटी में शामिल अफसरों ने स्थानीय कांच उद्यमियों के साथ बैठक की थी। बैठक के दौरान नीरी विशेषज्ञों ने लंबे समय से गैस आपूर्ति को प्रतीक्षारत कांच व चूड़ी इकाइयों, शिफ्टिंग और सप्लाई संबंधी समस्याओं व मांग की पूर्ति को ब्लॉक-1 प्रारूप में आवेदन का सुझाव दिया था। नीरी विशेषज्ञों के सुझाव के बाद शहर की कांच इकाइयों ने गैस आपूर्ति हासिल करने के लिए ब्लॉक-1 प्रारूप पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन इकाइयों ने दाखिल किए आवेदन
इसी क्रम में यूपीसीडा आस्थान स्थित 14 वर्ष पूर्व गैस आपूर्ति के लिए जरूरी औपचारिकता पूरी कर चुकी मैसर्स नन्नूमल-वीरेंद्र कुमार ग्लास वर्क्स द्वारा ब्लॉक-1 प्रारूप पर आवेदन पीसीबी व उद्योग विभाग को दाखिल किया गया। वहीं एक अन्य गोविंद ग्लास वर्क्स द्वारा भी गैस मीटर समस्या के निदान के लिए आवेदन की बात सामने आई है। उद्यमी विनय कुमार अग्रवाल के अनुसार दो इकाइयों ने ब्लॉक वन प्रारूप में आवेदन किया है। बाकी जिन इकाइयों ने गैस सप्लाई को वर्षों पूर्व औपचारिकताएं पूरी की थीं, उनके आवेदनों पर प्राथमिकता से विचार होना चाहिए।
ब्लॉक-1 प्रारूप में आवेदन गैस सप्लाई से जुड़ी प्रारंभिक प्रक्रिया है। इसके बाद आवेदनों को आई टेक कमेटी के समक्ष विचारार्थ रखा जाएगा। इसके बाद टीटीजेड बैठक में समुचित निर्णय होगा। - भुवन चंद, क्षेत्रीय अधिकारी पीसीबी