शिकोहाबादफोटो-202-मृतक अजीत यादव उर्फ बेताली का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
शिकोहाबाद। थाना नसीरपुर क्षेत्र में शिकोहाबाद रोड स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास बृहस्पतिवार सुबह खेत में पेड़ से युवक का शव लटका मिला। मृतक की पहचान नगला भूप निवासी अजीत यादव के रूप में हुई है, जो गुजरात में निजी कंपनी में नौकरी करता था। परिजन ने रंजिश के चलते हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका व्यक्त की है। नसीरपुर पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा और जांच शुरू कर दी।
थाना नसीरपुर के ग्राम नगला भूप निवासी अजीत यादव उर्फ बेताली गुजरात की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। लगभग छह माह पूर्व वह नौकरी छोड़कर गांव वापस लौट आया था। बृहस्पतिवार सुबह शिकोहाबाद रोड पर डीएम ईंट-भट्टे के सामने स्थित खेत में पाखर के पेड़ से नीले रंग की जींस पहने युवक का शव उसकी टी-शर्ट से ही बने फंदे पर लटका देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इधर, जानकारी मिलने पर मृतक के पिता विनोद कुमार और चचेरा भाई रोहित भी पहुंचे। परिजन ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मृतक के चचेरे भाई रोहित ने आरोप लगाया कि अजीत की हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटकाया गया है।
नसीरपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की तरफ से अभी कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।