फिरोजाबाद। सीएमओ डाॅ. रामबदन राम ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाटऊ का औचक निरीक्षण किया। कार्य में लापरवाही पर स्टाफ नर्सों के एक दिन के वेतन कटौती के निर्देश दिए गए। वहीं, वार्ड आया रेनू को लापरवाही के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एका स्थानांतरित करने के आदेश जारी किए गए। अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
इस दौरान सीएमओ ने एमओआईसी सीएचसी जाटऊ डाॅ. हेमंत कुमार को निर्देशित किया कि क्षेत्र में भ्रमण कर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। टीबी रोगियों की जांच कर उनका समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही खोजी अभियान चलाकर कुष्ठ रोगियों की पहचान कर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एमसीडी कार्यक्रम के तहत कैंसर स्क्रीनिंग के लिए विशेष अभियान चलाने, गांव-गांव शिविर लगाकर प्रचार-प्रसार करने और कैंपों में आयुष्मान कार्ड, टीबी जांच, कैंसर स्क्रीनिंग एवं कुष्ठ जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही हाइपरटेंशन और शुगर की जांच अनिवार्य रूप से करने तथा ओपीडी में आने वाले सभी मरीजों का ओरल चेकअप करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ ने आयुष्मान कार्ड प्रगति एवं नियमितीकरण को लेकर सायंकाल समीक्षा बैठक की। उधर, नगर मजिस्ट्रेट विनोद पांडे और डाॅ. रवीश कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊसायनी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने की सख्त हिदायत दी है।