सिरसागंज। दोस्त को गांव छोड़कर बाइक से शिकोहाबाद लौट रहे युवक की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। सोथरा रोड पर गंगा देवी कोल्ड स्टोरेज के पास तेज गति से आती मैक्स गाड़ी ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शिकोहाबाद के बोझिया निवासी सत्यप्रकाश उर्फ बबलू (40) सिरसागंज में मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। बुधवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने दोस्त को उसके गांव गढ़िया छोड़कर बाइक से शिकोहाबाद लौट रहा था। सोथरा रोड पर गंगा देवी कोल्ड स्टोरेज के पास मैक्स गाड़ी ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही सत्यप्रकाश सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसागंज लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक मैक्स लेकर फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की तलाश कर रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।