फोटो04मृतक लव कुमार का फाइल फोटो। स्त्रोत: परिजन
नारखी। थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में बुधवार शाम 25 वर्षीय एसी मैकेनिक की करंट लगने से मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंपा।
थाना नारखी के गांव भौंडेला निवासी लव कुमार (25) एसी रिपेयरिंग का काम करता था। बुधवार शाम वह अपने साथी जितेंद्र के साथ हुसैनपुर निवासी संदीप सिंह के घर एसी की मरम्मत करने गया था। काम करने के दौरान अचानक लव कुमार करंट की चपेट में आकर झुलस गया और अचेत होकर गिर पड़ा।
साथी जितेंद्र ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद की और परिजनों को सूचना दी। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था और अविवाहित था। उसकी मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।