फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के जैन नगर स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजन ने बृहस्पतिवार सुबह हॉस्पिटल के बाहर शव रखकर जमकर हंगामा किया और इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए हॉस्पिटल का ऑपरेशन थिएटर (ओटी) सीज कर दी है और संचालक को नोटिस दिया है।
नगला मोती निवासी योगेश की 22 वर्षीय पत्नी खुशबू को 27 अक्तूबर को आरोग्यम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन से उसने बेटी को जन्म दिया। परिजन का आरोप है कि रात करीब 10 बजे तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया और हालत बिगड़ने पर आगरा के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर उन्हें छोड़कर फरार हो गए। बुधवार देर रात उपचार के दौरान खुशबू की मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह करीब 6:30 बजे परिजन शव लेकर सीधे हॉस्पिटल पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतका के ससुर तेजवीर सिंह ने आरोप लगाया कि पूरा स्टाफ गेट बंद करके फरार हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीएमओ डा. रामबदन राम ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय चिकित्सकीय टीम का गठन किया है, जिसे तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
महिला की मौत पर हॉस्पिटल में हंगामा हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी