फिरोजाबाद। घर-परिवार की जिम्मेदारियों में उलझी महिलाएं अक्सर अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं। शुरुआत में कमजोरी, थकान, चक्कर आना, अनियमित माहवारी, तनाव या वजन बढ़ने जैसी समस्याओं को सामान्य मानकर टाल दिया जाता है, लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर एनीमिया, थायराइड, मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर, ऑस्टियोपोरोसिस, अवसाद और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन रही है। चिकित्सकों के मुताबिक, हर तीसरी महिला बीमारी से पीड़ित है।
24 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय स्व-देखभाल दिवस मनाया जाता है। लेकिन महिलाएं अपनी देखभाल भूल रही हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-5) के अनुसार जिले 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग की करीब 57 फीसदी महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं। बदलती जीवनशैली के कारण थायराइड, मधुमेह और हाई ब्लड प्रेशर के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं।