दुष्कर्म के आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग, गिरफ्तार
टीवी देखने गई बालिका से दुष्कर्म का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। रखावली स्थित वन विभाग के जंगल में दुष्कर्म के आरोपी की घेराबंदी करने पहुंची फरिहा पुलिस पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। पुलिस बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई।
थानाध्यक्ष फरिहा ऋषि कुमार ने बताया कि फरिहा थाना क्षेत्र की रहने वाले शख्स ने शुक्रवार रात टीवी देखने गई 12 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म किया था। आरोपी के खिलाफ फरिहा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार शाम करीब छह बजे सूचना मिली कि दुष्कर्म का आरोपी रखावली के पास मौजूद है। खुद को घिरा देख उसने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। दुष्कर्म के आरोपी को गोली लगने की सूचना पर अन्य थानों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।