फिरोजाबाद। रंगों के त्योहार पर खूब रंग और गुलाल उड़ा, लेकिन पथराव, फायरिंग और लाठी-डंडे चलने की जैसी घटनाओं ने होली के रंगों को बदरंग कर दिया। हीरालाल की ठार गुदाऊ, साढ़ूपुर, सैलई, दुर्गानगर और शिकोहाबाद के दिखतौली गांव में विवाद हुए। घायल लोग इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए गए। सूचना पर पुलिस भी दौड़ती रही।
खड़ेरिया में दो पक्षों में फायरिंग, तीन घायल
फिरोजाबाद। थाना मटसेना के गांव खड़ेरिया में होली पर महिला से गाली-गलौज का विरोध करने पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से मारपीट, पथराव के साथ फायरिंग की। फायरिंग में तीन लोग घायल हुए। तीनों को आगरा रेफर कर दिया।
खड़ेरिया निवासी प्रभाकर की पत्नी शीनू घर से जा रही थी। तभी विपक्षियों ने गाली-गलौज कर दी। शाम को इसका प्रभाकर पक्ष ने विरोध किया तो दोनों पक्ष आमने- सामने आ गए और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते मारपीट, पथराव और फायरिंग होने लगी। गोली लगने से एक पक्ष से राहुल (17) पुत्र उमेशचंद्र, दूसरे पक्ष से प्रभाकर (30) पुत्र नरोत्तम सिंह और वीरेंद्र (40) पुत्र कैलाशी घायल हो गए। उन्हें सरकारी ट्रॉमा सेंटर लाया गया, लेकिन तीनों को गंभीर अवस्था में आगरा रेफर कर दिया। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि खड़ेरिया में होली को लेकर दो पक्षों में मारपीट, फायरिंग हुई है। दोनों पक्षों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है।
नाचने को लेकर मारपीट-पथराव में नौ जख्मी
फिरोजाबाद। थाना लाइनपार क्षेत्र के हीरालाल की ठार गुदांऊ मे होली खेलने के दौरान नाचने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान मारपीट और पथराव होने से दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। घायलों में हीरालाल की ठार गुदांऊ निवासी मनीष कुमार उर्फ टिंचू पुत्र बचान सिंह, नरेंद्र पुत्र बंगालीबाबू, वीकेश पुत्र उदयवीर सिंह, सोनू पुत्र आराम सिंह, विकास पुत्र मुकेश बाबू और जलोपुरा निवासी अभय यादव व अनिकेत पुत्रगण नेत्रपाल शामिल हैं। थाना प्रभारी लाइनपार कमलाशंकर का कहना है कि होली पर नाचने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। एसडीएम कोर्ट ने पांच आरोपियों को जेल भेजा है।
साढ़ूपुर में हुई मारपीट
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर के साढ़ूपुर निवासी तीन लोग घायल हो गए। साढ़ूपुर निवासी धर्मवीर (35), वीरू पुत्रगण कन्हीराम और कपूरी देवी (55) पत्नी कन्हीराम घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। आरोप है कि अमर सिंह पक्ष ने उनसे मारपीट की है। थाना मक्खनपुर के सांती निवासी भोला (28) पुत्र पूरन सिंह व विनोद पुत्र पूरन सिंह, इंदुमई निवासी संतोष कुमार पुत्र हम्बीर सिंह व देवीराम पुत्र वेदराम घायल हो गए।
दुर्गानगर में मारपीट, तीन घायल
थाना रसूलपुर क्षेत्र के दुर्गानगर गली नंबर सात में होली वाले दिन विवाद हो गया। इसमें नकुल (25) पुत्र हंसराज, निशा पुत्र पूरनचंद्र और वीरू पुत्र शिशुपाल सिंह भी घायल हो गए। सभी का पुलिस ने मेडिकल कराया है। थाना रामगढ़ के गली नंबर पांच विजयनगर टंकी वाली गली के निवासी विजमा देवी पत्नी प्रवेश कुमार, रसूलपुर के छोटा लालपुर निवासी रामपप्रकाश पुत्र बाबूराम घायल हो गए।