परिवहन कार्यालय के समीप रखे खोखे में लगी आग
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। परिवहन विभाग कार्यालय के गेट नंबर दो के पास रखे खोखे में मंगलवार रात को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। सूचना पर फायरब्रिगेड और मटसेना पुलिस पहुंच गए और आग पर काबू पाया।
रसूलपुर थाना क्षेत्र के गांव मोढ़ा निवासी विवेक कुमार का जिला मुख्यालय स्थित परिवहन विभाग के गेट नंबर दो के पास खोखा रखा है। वह स्टेशनरी व स्टांप बेचते हैं। मंगलवार शाम विवेक खोखा बंद कर घर चले गए। रात करीब 12 बजे उनके खोखे में आग लग गई।
इसकी जानकारी परिवहन विभाग कार्यालय में चौकीदार को हुई तो उनसे विभागीय अधिकारियों को सूचना दी। आरआई हरिओम अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायरब्रिगेड व मटसेना थाना पुलिस को सूचना दी और आसपास रखे अन्य खोखे हटवाए। फायरब्रिगेड व पुलिस ने आग पर काबू पाया। संवाद