फिरोजाबाद/खैरगढ़/नारखी। साधन सहकारी समितियों पर सोमवार को डीएपी लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथवंत के साथ खैरगढ़ की समितियों पर किसान सुबह से कतारबद्ध नजर आए। नारखी क्षेत्र में किसी समिति पर भीड़ दिखी तो कहीं काफी कम संख्या में किसान पहुंचे। इधर, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी भी जिले की समितियों से रिपोर्ट लेते रहे।
जिले की साधन सहकारी समितियों पर सोमवार को डीएपी का वितरण शुरू हुआ तो सुबह से किसानों की लंबी-लंबी कतार लग गईं। फिरोजाबाद ब्लॉक के सोफीपुर, दतावली, अलीनगर कैंजरा साधन सहकारी समितियों पर सचिव डीएपी का वितरण करते नजर आए। हालांकि दीदामई समिति पर काफी कम लोग नजर आए।
खैरगढ़ स्थित साधन सहकारी समिति पर भी डीएपी लेने के लिए किसानों की सुबह से कतार लग गई। साधन सहकारी समिति नंदपुर एवं हाथवंत सहकारी समिति पर भी किसान हाथों में आधार कार्ड, खेत की खतौनी की नकल के साथ पहुंचे। किसानों का कहना था कि डीएपी की रैक आने के कारण शनिवार एवं रविवार को दौड़े थे लेकिन दो दिन की भागदौड़ के बाद आज खाद मिल सकी है।
इधर, नारखी ब्लॉक स्थित साधन सहकारी समिति पर भी किसानों ने डीएपी ली। यहां पांच सौ बोरी डीएपी पहुंची थी। गांगनी साधन सहकारी समिति पर भी किसानों की भीड़ रही। मक्खनपुर क्षेत्र के इंदुमई, जाफराबाद, बिल्टीगढ़ साधन सहकारी समितियों पर किसानों की कम भीड़ नजर आई।