कोई कर्मचारी मोबाइल पर न शटडाउन लेगा और न वापस करेगा। कर्मचारी बिजलीघर से शटडाउन लेकर जाएगा और कार्य पूर्ण करने के बाद स्वयं शटडाउन वापस करेगा। लाइन पर कार्य करते समय हाथों में गिलब्स, घुटनों तक जूते, सिर पर हेलमेट तथा सेफ्टी बैल्ट बांधकर ही कार्य करें।
यह बात दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि. के अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विभागीय कर्मचारियों से कही। विद्युत विभाग द्वारा पांच से 11 मार्च तक 44 वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। एक्सईएन केके वर्मा ने कहा कि सभी कर्मचारी मोबाइल पर शटडाउन लेने बचें। किसी दबाव में आकर जल्दबाजी न करें। यदि हमारे अंग सलामत रहेंगे तभी हम कार्य कर सकेंगे। यदि बहुत आवश्यक हो तो मोबाइल से एक्सईएन, एसडीओ, जेई, एसएसओ व कंट्रोल रूम को मेसेज करने के बाद कार्य प्रारंभ करें, जिससे पता चल सके कि लाइन पर कार्य चल रहा है। उसी कर्मचारी के मेसेज भेजने के बाद ही शटडाउन वापस किया जाएगा।
कोई कर्मचारी बिना शटडाउन व बिना गिलब्स के कार्य नहीं करेगा। एक्सईएन मीटर टेस्ट एसएल अग्निहोत्री ने कहा कि मोबाइल पर शटडाउन लेना अथवा वापस करना आत्मघाती है। यदि विद्युत उपकरण खराब हैं तो तत्काल एसडीओ, जेई को सूचित करें। जेई धर्मेंद्र राजपूत ने कहा कि सभी कर्मचारी संयम से कार्य करें। कार्य करने में देर क्यों न हो जाए, लेकिन दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। मौके पर जेएसपी कंपनी के जीएम मित्तल, एक्सईएन आरबी रॉय, केवी गुप्ता के अलावा जिले के सभी एसडीओ, अवर अभियंता, लाइनमैन, संविदा कर्मचारी मौजूद थे।