फिरोजाबाद। पचोखरा थाना क्षेत्र के कोटकी के पास बृहस्पतिवार देर शाम रोडवेज बस ने बाइक सवार बिजली विभाग के दो कर्मचारियों को अपनी चपेट में ले लिया। टेक्नीशियन की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके साथी को आगरा रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, नगला सिंघी निवासी शिवम श्रीवास्तव (27) विद्युत निगम में टेक्नीशियन के पद पर तैनात थे। वह अपने साथी हेल्पर रिंकू यादव (29) निवासी गढ़ी जाफर, टूंडला के साथ बाइक से लौट रहे थे। दोनों कर्मचारी गांव पखनपुरा में स्मार्ट मीटर लगाने के बाद पुराने मीटर जमा करने अपने कार्यालय जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोटकी के पास पहुंची, सामने से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल एफएच हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां देर रात इलाज के दौरान शिवम श्रीवास्तव ने दम तोड़ दिया। वहीं, रिंकू यादव की हालत गंभीर देखते हुए उसे आगरा के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।
चार भाई-बहनों में सबसे बड़े थे शिवम
मृतक शिवम अभी अविवाहित थे और अपने दो भाइयों व दो बहनों में सबसे बड़े थे। उनके पिता महेंद्र कुमार एक किसान हैं। घर के बड़े बेटे की अचानक मौत से परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। थानाध्यक्ष अमित कुमार तोमर ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना को लेकर रोडवेज बस के चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।