आवास विकास कालोनी स्थित विद्युत वितरण उप खंड कार्यालय के एकाउंट को हैक कर लिया गया। आरोपी ने उपभोक्ताओं के बिल में हेराफे री कर दी। इस संबंध में विभाग के एसडीओ देवेंद्र कुमार ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।
कई माह पूर्व मोहल्ला खेड़ा निवासी सतीशचंद्र गुप्ता ने विभागीय एकाउंट को हैक कर लिया था। इसके चलते वह विद्युत उपभोक्ताओं के बिलों को कम कर देते थे लेकिन कई के बिल उसने जमा नहीं किए। इस पर उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग में जानकारी की तो विभागीय अधिकारियों ने एकाउंट चेक किया। इस पर एकाउंट के हैक होने की जानकारी हो सकी।
बताया जा रहा है कि सतीशचंद्र गुप्ता द्वारा प्रदीप गुप्ता निवासी बड़ा बाजार, राममोहन स्टेट बैंक के निकट, दीवान सिंह यादव निवासी टुइंया मंदिर, रेहनुमा निवासी गढ़ैया, भगवती देवी निवासी खेड़ा व विजय कुमार यादव निवासी मीरखलील और रामप्रकाश निवासी मिश्राना के बिलों को कम किया गया था। दीवान सिंह और राममोहन ने विभाग को बताया कि सतीशचंद्र उनसे क्रमश: 29 हजार व 20 हजार रुपये जमा करने के लिए लिए थे लेकिन जमा नहीं किए।
रिपोर्ट में आशंका व्यक्त की गई है कि सतीश के साथ ऑनलाइन बिलिंग सर्विस का काम करने वाली संस्था का कर्मचारी मिला हुआ है। इस संबंध में एसडीओ देवेंद्र कुमार ने सतीश और ऑनलाइन बिलिंग के एक कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी और आरटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच साइबर सेल द्वारा की जाएगी।
सतीश बिल जमा कराता था
शिकोहाबाद। सतीशचंद्र गुप्ता का विद्युत कार्यालय में आना जाना था। वह विद्युत उपभोक्ताओं के बिलों को विभाग में आकर जमा कराने का काम करता था। एसडीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि उसने अपना एक कंप्यूटर सेंटर भी खोल लिया था।