टूंडला। खनन अधिकारी ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान ओवरलोड गिट्टी भरे डंपर को पकड़कर थाना पचोखरा में दाखिल करा दिया। इसके कुछ ही समय बाद चालक दूसरी चाबी लगाकर डंपर को थाने से लेकर फरार हो गया। थाने से डंपर चोरी होने की जानकारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने नाकेबंदी करते हुए सिरसागंज में थाने से चोरी गए डंपर को पकड़ लिया। साथ ही चालक को साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया। खनन अधिकारी मफतलाल ने टूंडला-एटा रोड से शुक्रवार को ओवरलोड चल रहे गिट्टी से भरे डंपर को पकड़ा था। जिसे राजकुमार निवासी चंद्रपुरा थाना बिजौली ग्वालियर मध्य-प्रदेश चला रहा था। उन्होंने थाने पर ट्रक को दाखिल करा दिया गया था। घटना के कुछ देर बाद ही थाने में दाखिल कराया डंपर गायब हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल नाकेबंदी कर डंपर की तलाश की गई। डंपर की नंबर प्लेट से पता करने पर नंबर प्लेट फर्जी निकली। खोजबीन करते हुए डंपर को सिरसागंज थाना क्षेत्र के कोरारा तिराहे से पकड़ लिया गया गया।
गिट्टी से भरा हुआ डंपर पुलिस को खाली मिला। पुलिस ने चालक की निशानदेही पर दो ट्रकों व चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपने नाम राजकुमार निवासी चंद्रपुरा थाना बिजौली ग्वालियर मध्य-प्रदेश, मकरंद निवासी खिदरपुरा थाना बरोही जिला भिंड मध्य-प्रदेश, राजपूत जाटव निवासी गांव बेरजा थाना बिजौली जिला ग्वालियर और राकेश निवासी हौरावली थाना सिरौल जिला ग्वालियर बताया।
-
थाने से डंपर चोरी कर बेच दी गिट्टी
पुलिस पूछताछ में पता चला कि चालान से बचने के लिए गिरफ्तार आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर रोड पर चलते थे। पुलिस को बरामद डंपर खाली मिला है। पूछताछ में चालक राजकुमार ने बताया कि डंपर की गिट्टी को उन्होंने 55 हजार में बेच दिया था। पुलिस ने रकम भी बरामद कर ली है
थाने से चालक द्वारा ले जाया गया डंपर बरामद कर लिया है। डंपर में मौजूद गिट्टी को चालक ने बेच दिया था। बेची गई रकम चालक से बरामद हो गई है। डंपर चालक व उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अनिवेश कुमार सिंह, सीओ टूंडला