शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के आजमगढ़ से सवारियां लेकर दिल्ली जा रही निजी डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रॉले में जा घुसी। बस चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ। बस चालक और परिचालक समेत कुल 10 सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। नसीरपुर पुलिस और यूपीडा की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और अन्य सुरक्षित सवारियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया।
बृहस्पतिवार की रात एक निजी डबल डेकर बस करीब 45 यात्रियों को लेकर आजमगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बस को चालक जय प्रकाश निवासी सुल्तानपुर चला रहा था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जब बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नसीरपुर थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 57.900 के पास पहुंची, तभी चालक को झपकी आ गया। पलक झपकते ही तेज रफ्तार बस आगे जा रहे ट्रॉले से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा (चालक साइड) पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक जय प्रकाश केबिन और सीट के बीच में ही बुरी तरह फंस गया। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर नसीरपुर ज्ञानेंद्र सोलंकी पुलिस बल और यूपीडा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने क्रेन और कटर की मदद से केबिन में फंसे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सोलंकी ने बताया कि चालक जय प्रकाश की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेस-वे से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया।
हादसे में घायल हुए यात्री
जय प्रकाश (चालक) निवासी सुल्तानपुर (हालत गंभीर, सैफई रेफर), सोनू निवासी टांडा, आंबेडकर नगर, आरव पुत्र प्रदीप निवासी ग्राम गढ़वाल, सुल्तानपुर, रीनू देवी निवासी ग्राम पदमपुर, थाना राज सुल्तानपुर, ममता देवी निवासी ग्राम छौसेपुर, महाराजगंज, ऋषभ निवासी आजमगढ़, बसराजी निवासी मालवाल, थाना राज सुल्तानपुर, प्रियंका देवी निवासी मफ्तनगंज लेहरपार, आजमगढ़, वंदना निवासी ग्राम इसीपुर, महाराजगंज, खुशी निवासी सगनपुर सम्मानपुर, आंबेडकर नगर।