फिरोजाबाद। जिला योजना समिति के 17 पदों के लिए 18 नामांकन दाखिल किए। इसमें सामान्य वर्ग के छह पदों के सापेक्ष सात नामांकन होने के कारण चुनाव होने की संभावना लग रही थी। लेकिन जांच के दौरान एक नामांकन निरस्त हो गया। नामांकन निरस्त होने के साथ ही जिला योजना समिति के सभी 17 सदस्यों का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हो गया। निर्विरोध निर्वाचन होने के साथ ही जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
जिला पंचायत सदस्यों के साथ-साथ जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बाद जिला योजना समिति के सदस्यों का चुनाव कार्यक्रम आयोग की ओर से जारी किया था। जिले में जिला योजना समिति के 17 सदस्य पद के लिए डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह के निर्देशन में नामांकन होना था। डीएम ने सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में डीडीओ महेंद्र सिंह यादव एवं सहायक आयुक्त स्टांप एवं निबंधन आरपी सिंह को तैनात किया था।
जिला योजना समिति के सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल करने दो बजे तक कोई सदस्य नहीं पहुंचा। ढाई बजे करीब नामांकन दाखिल करने का क्रम प्रारंभ हुआ। इसमें सामान्य वर्ग छह पदों के सापेक्ष सात नामांकन हुए थे। बाकी के पदों के लिए एक-एक नामांकन दाखिल हुआ था। लेकिन चार बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच के दौरान मनोज कुमार का नामांकन निरस्त हो गया। इस प्रकार 17 सदस्यों का निर्विरोध जिला योजना समिति का सदस्य चुनना तय हो गया है।
इसमें सामान्य सदस्यों में अशोक, दिनेश सिंह, प्रदीप कुमार, प्रवीन कुमार, प्रशांत यादव, राजीव कुमार, अनारक्षित वर्ग महिला में देवकी, पूजा, रुचि यादव, अनुसूचित जाति में प्रवेश कुमारी, हरीश कुमार, अनुसूचित जाति महिला में सीमा देवी, अन्य पिछड़ा वर्ग में अरुण कुमार,नीलम व ललित नरायन एवं अन्य पिछड़ा वर्ग महिला में पप्पी,रिंकी देवी को जिला योजना समिति का सदस्य चुना है।