फिरोजाबाद। कोटला रोड रामद्वार के पास दो दुकानदारों के बीच ग्राहक को लेकर लाठी-डंडे चल गए। दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हुए। घायलों को पुलिस सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची।
उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला दखल निवासी सुरेंद्र चंद्र की कोटला रोड रामद्वार के समीप परचून और फोटो स्टेट की दुकान है। उसकी दुकान के समीप ही मोहल्ला बोधाश्रम रोड निवासी रामकुमार शर्मा की फोटो स्टेट की दुकान है। सोमवार दोपहर दोनों दुकानदारों के बीच ग्राहक को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया और मारपीट करने लगे। सूचना पर उत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट में घायल सुरेंद्र कुमार व दूसरे पक्ष से रामकुमार शर्मा व सागर शर्मा को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची। थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे का कहना है कि मारपीट के दौरान तीन लोग घायल हुए हैं। जिनकी चोटों का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है। दोनों पक्षों में ग्राहक को लेकर विवाद हुआ था। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।