फिरोजाबाद। थाना रजावली क्षेत्र स्थित गांव पहाड़ीपुर भौंडेला निवासी अनुज प्रताप सिसोदिया (30) जमीन के विवाद के दौरान हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए सीएचसी टूंडला ले गए, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे मेडिकल के लिए सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। मंगलवार रात करीब 8 बजे भाजपा नेता के समर्थक घायल को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मो. शाहिद पौने दो घंटे देरी से रात 9:45 बजे पहुंचे और उन्होंने मेडिकल करने से इन्कार करते हुए मरीज को वापस टूंडला सीएचसी भेज दिया।
इस बात को लेकर भाजपा समर्थकों और डॉक्टर के बीच जमकर हंगामा व नोकझोंक हुई। शोर-शराबा सुनकर अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और भीड़ जमा हो गई। मामला बढ़ता देख सूचना मिलने पर पहुंचे सीएमएस डॉ. नवीन जैन ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और बाद में घायल का मेडिकल टूंडला सीएचसी में कराया गया। सीएमएस डॉ. नवीन जैन ने स्पष्ट किया कि मेडिकल की चिट्ठी टूंडला सीएचसी की थी और मरीज को ट्रॉमा सेंटर में पूरा उपचार दे दिया गया था, लेकिन ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण संबंधित चिकित्सक डॉ. मो. शाहिद को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।