फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र में चाउमीन खाने को लेकर हुए मामूली विवाद में दो युवकों पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों कासिम और सुहैल उर्फ लल्ला (दोनों निवासी मोमीन नगर, थाना रसूलपुर) को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के अनुसार, राठौर नगर टूटी पुलिया निवासी रामगोपाल की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के बाद यह कार्रवाई की गई। 20 जुलाई को उनके बेटे बंसी और उसके दोस्त अमन यादव पर चाउमीन खाने के दौरान हुए विवाद के बाद आरोपियों ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आकाशवाणी रोड के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी सुहैल उर्फ लल्ला के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।