फिरोजाबाद। बोर्ड परीक्षा कराने के लिए तय की गई सूची में चार परीक्षा केंद्र डिबार होने से उन्हें शासन से निर्धारित परीक्षा केंद्रों की सूची से हटा दिया गया है। इससे अन्य कॉलेज संचालकों को नए परीक्षा केंद्र बनाने की उम्मीद जागी है। डीएम की अध्यक्षता वाली जिला कमेटी फाइनल मुहर लगाएगी। यानि 28 नवंबर से पूर्व परीक्षा केंद्र की फाइनल सूची तैयार होगी। चार नए केंद्र भी फाइनल किए जाएंगे। एसडीएम की रिपोर्ट आने के बाद जिला कमेटी इस पर फाइनल मुहर लगाएगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची शासन स्तर से जारी होने के बाद कॉलेज संचालकों में खलबली मची रही। 99 परीक्षा केंद्र थे, मगर आपत्तियां 150 के लगभग आईं। चार परीक्षा केंद्र शासन ने डिबार कर दिए। ऐसे में कॉलेज संचालकों को नए परीक्षा केंद्रों की उम्मीदें जाग गई हैं। ऐसे में डीआईओएस कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
एसडीएम से कालेजों की रिपोर्ट मांगी गई है। एसडीएम की रिपोर्ट आने के बाद जिला कमेटी फाइनल मुहर लगाएगी। ऐसे में सभी कालेज संचालकों की फाइनल सूची पर है। डीआईओएस रितु गोयल ने कहा कि जिला कमेटी एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा केंद्रों को फाइनल करेगी। आपत्तियों पर विचार किया जा रहा है। सत्यापन कराए जा रहे हैं कि कोई गलत परीक्षा केंद्र तो नहीं बन गया।
अधिक छात्र संख्या का नहीं निकला हल
अभी तक अधिक छात्र संख्या का कोई हल नहीं निकला है। कई कॉलेज ऐसे हैं, जिसमें बैठने की क्षमता 250 है और एक पाली में 600 परीक्षार्थी आवंटित कर दिए गए हैं। ऐसे में जो परीक्षा केंद्र बने हैं, उनके प्रधानाचार्यों ने आपत्तियां दर्ज की है।