महावीर नगर में दूसरे दिन भी सन्नाटा
चिंटू की हालत नाजुक, आगरा से ट्रामा सेंटर लाए परिवारीजन
धौलपुर में हुए हादसे में पांच युवकों की मौत के बाद महावीरनगर में बुधवार को मातमी सन्नाटा रहा। लोग हादसे में घायल हुए तीन युवकों के जल्द सही होने की कामना कर रहे हैं। घायलों में चिंटू की हालत में कोई सुधार न होने पर परिवारीजन उसको आगरा से फीरोजाबाद ले आए। चिंटू को यहां प्राइवेट ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है।
सोमवार रात राजस्थान के धौलपुर जिले में हुए हादसे में महावीर नगर निवासी प्रशांत यादव, सिद्धार्थ शर्मा, अतुल प्रताप सिंह, सुमित और सत्येंद्र की मौत हो गई थी। जबकि गोल्डी, रिषभ और चिंटू घायल हो गए थे। इनको उपचार के लिए परिवारीजनों द्वारा आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गोल्डी और रिषभ की हालत में जहां बुधवार को सुधार देखा गया, वहीं चिंटू की हालत बिगड़ने पर चिकित्सक द्वारा हाथ खड़े करने पर परिवारीजन उसको उपचार के लिए फीरोजाबाद ले आए और प्राइवेट ट्रामा सेंटर में भर्ती कर दिया गया। चिंटू की हालत को देखते हुए परिवारीजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
दो साथियों ने बदल दिया था प्रोग्राम
प्रशांत, सिद्धार्थ और उसके साथियों के साथ मोहल्ले के ही रवि कुमार और सोनू तिवारी ने भी कैलादेवी जाने का प्रोग्राम फाइनल कर दिया था। लेकिन परिवारीजनों के मना करने पर यह दोनों करौली नहीं गए।
जाकौ राखे र्साइंया...
जिसको राखे साईयां मार सके न कोई.. यह कहावत गोल्डी के लिए सही साबित हुई। गोल्डी के साथ यह पहला हादसा नहीं था। इससे पूर्व गोल्डी का दो बार बाइक से हादसा हुआ। क्षेत्र के लोग कहते हैं कि इस बार भी उसके साथ भगवान ने कृपया रही। जिस समय गोल्डी साथियों के साथ करौली जा रहा था। उस वक्त वह चालक के समीप वाली सीट पर बैठा था। लेकिन कुछ दूर सफर तय करने के बाद प्रशांत चालक के बराबर की सीट पर पहुंच गया और गोल्डी पीछे वाली सीट पर चला गया था।
कैंडल मार्च निकाल मृतकों को दी श्रद्धांजलि
सांसद राजबब्बर ने भेेजे शोक संवेदना पत्र
धौलपुर हादसे में हुई फीरोजाबाद के पांच युवकों की मौत पर सुहागनगरी दु:ख में दिखी। मृतकों को श्रद्धाजंलि देने के लिए युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला। साथ ही घायल लोगों के जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। जनसमूह ने मृतकों के परिवारीजनों को मुआवजा देने की मांग की। उधर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और सांसद राजबब्बर ने सभी युवकों के परिवारीजनों के नाम शोक संवेदना पत्र दिल्ली से कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी के पास भेजे हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
महावीर नगर दुर्गा मंदिर से कैंडल मार्च निकाला गया। जो सुभाष तिराहा होते हुए गांधी पार्क में संपन्न हुआ। सैकडों युवा इस कैंडल मार्च में शामिल हुए। अजय तिवारी सोनू ने कहा कि मृतकों के परिवारिजनों को प्रदेश सरकार मुआवजा दे। पूर्व सभासद सुनील मिश्रा ने कहा कि इस दु:खद घटना से हर कोई आहत है। मार्च में सपा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष नितिन वर्मा, रजत यादव, ऋषभ यादव, राहुल शर्मा, कन्हैया गौतम, रवि वर्मा, विवेक तिवारी, आशीष शर्मा, राहुल तिवारी, राहुल शंखवार आदि रहे। वहीं, महावीर नगर में कन्हैया गौतम की अध्यक्षता में शोक सभा हुई। राहुल, धीरज, टोनू, भानु ने मृतकों एवं घायलों के परिवारिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।