बौद्ध भिक्षु धरने पर बैठे
सूचना पर पहुंची पुलिस, दोनों पक्षों से अभिलेख दिखाने की हिदायत
भिक्षु के अनुसार, धार्मिक भूमि पर हो रहा कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित 52 बीघा में पांच बीघा जमीन पर कब्जे का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में स्थित एक बौद्ध विहार में रहने वाले बौद्ध भिक्षु धरने पर बैठ गये। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना पुलिस की मानें तो संबंधित भूमि के अभिलेखों की जांच की जा रही है। वहीं भिक्षु का कहना है कि वे धार्मिक कार्यों के लिये दान की भूमि पर भू माफिया द्वारा कब्जा किये जाने का विरोध कर रहे हैं। इस कारण वे धरने पर बैठे।
थाना रामगढ क्षेत्र की खाली बाबन बीघा भूमि पर मालिकाना हक को लेकर विवाद काफी पुराना है। शुक्रवार सुबह बावन बीघा भूमि से सटे एक बौद्ध विहार पर रहने वाले बौद्ध भिक्षु प्रज्ञा रतन महाथेरा ने बावन बीघा भूमि एक हिस्से पर दावा जताते हुये धरना का ऐलान कर दिया। मामला तूल पकडता से पूर्व ही थाना रामगढ पुलिस को मामले की भनक लग गई। एसओ रामगढ़ हरवेद्र मिश्र बोले, बावन बीघा में एक बौद्ध भिक्षु के धरने की सूचना मिलने पर मौका पर गए थे। जमीनी विवाद सामने आया है। दोनों पक्षों को अभिलेख प्रस्तुत करने की हिदायत दी। भिक्षु को धरना देने से पूर्व ही समझा बुझा कर शांत करा दिया।