टूंडला। आगरा हाईवे पर बन्ना कट के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल बाइक सवार बैनामा लेखक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दो भाई सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मरने वाला युवक हेलमेट नहीं लगाए हुए था। वहीं दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे।
घटना बुधवार सुबह 9:30 बजे करीब की है। थाना पचोखरा के गांव कोटकी निवासी 65 वर्षीय राजाराम बघेल एत्मादपुर तहसील में बैनामा लेखक थे। वह अपनी बाइक से तहसील जा रहे थे। बन्ना कट के सामने आगरा रोड पर पहुंचे तभी टूंडला की ओर से तेज गति जा रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार राजाराम सहित दूसरी बाइक पर सवार आकाश उसका भाई अभिषेक निवासी नगला सिंघोली, जिला हाथरस व हरी बाबू निवासी बड़ा कुआं थाना टूंडला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मौके पर पहुंची पुलिस ने आगरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने राजाराम बघेल को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक पांच भाई बहनों में सबसे बड़े थे। उन्होंने अपने पीछे दो बेटे व दो बेटियों को बिलखते छोड़ गया है। पुुलिस के अनुसार मृतक बैनामा लेखक हेलमेट नहीं लगाए थे, हेलमेट बाइक पर लटका हुआ था। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि दूसरी बाइक पर तीन लोग सवार थे। मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए शव को मोर्चरी हाउस भिजवा दिया गया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।