शिकोहाबाद। नगला सेंदलाल क्षेत्र में ईंट भट्ठे के पास युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसके पास से पुलिस ने दवाएं एवं आधारकार्ड बरामद किया है। इस घटना की फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर आकर जांच-पड़ताल की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगला सेंदलाल के पास ईंट भट्ठे के पास सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। लोगों ने जब रास्ते में युवक का शव पड़ा देखा, तो जानकारी इलाका पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल करते हुए युवक की तलाशी ली। जेब में से कुछ दवाएं एवं आधारकार्ड मिला। इसके आधार पर पुलिस ने युवक की शिनाख्त रामप्रकाश निवासी न्यू बाईपास रोड सत्यनगर टापा फिरोजाबाद के रूप में की।
पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ प्रवीन कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक के परिजन के अनुसार मृतक अकसर बीमार रहता था। वह रविवार की रात 9 बजे तक अपने घर पर ही था। इसके बाद वह अकेले घर से निकल आया। उसके शरीर पर कहीं भी चोट का निशान नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना का सही कारण पता चल सकेगा।