फिरोजाबाद। एक्सप्रेस ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने पर रोडवेज समेत प्राइवेट बसों में यात्रियों की भीड़ मंगलवार से ज्याद बढ़ गई है। बुधवार को कुछ रूटों पर जहां रोडवेज बसें खाली चलीं तो वहीं अधिकांश रूटों पर यात्रियों को घर पहुंचने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाने के बाद भी बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ कम रही। बस स्टैंड, सुभाष तिराहे पर बस के इंतजार में यात्री खड़े नजर आए। ऐसे में लोगों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। दिवाली त्योहार मनाने के लिए लोगों का आना- जाना शनिवार सुबह से शुरू हो गया है। ट्रेनों में कंफर्म नहीं मिलने पर लोगों ने बसों की ओर रुख किया है। दिवाली त्योहार पर परिवहन निगम ने सभी बसों का अतिरिक्त फेरा बढ़ाते हुए संचालन शुरू कर दिया लेकिन, यात्रियों की भीड़ के आगे कहीं-कहीं बसों का अतिरिक्त फेरा भी नाममात्र साबित हुआ। अधिकांश बसें मक्खनपुर बाईपास से होकर गुजर गई।
जो बसें शहर में आई, उनमें अधिकांश रोडवेज बसों में भी सीट को लेकर यात्रियों के बीच मारामारी रही। सुभाष तिराहे पर बस आते ही यात्रियों की भीड़ चढ़ने के लिए टूट पड़ती। कुछ यात्री बसों की छतों पर सफर करते नजर आए। फर्रुखाबाद की ओर जा रहे यात्री बदन सिंह ने बताया कि काफी देर से परिजन संग बस का इंतजार कर रहे हैं। बस पीछे से ही भरी हुई आ रही है।