विधानसभा चुनाव में हरियाणा की शराब खपाने की तैयारी को आबकारी विभाग ने फेल कर दिया। सूचना पर विभाग ने राजा का ताल से एक कैंटर पकड़ लिया, जो हरियाणा के गुड़गांव से शराब लेकर आ रहा था। पुलिस ने क्लीनर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत 5.50 लाख आंकी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी डीएन सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि एक कैंटर आरजे 14 जीए 6515 आगरा से फिरोजाबाद की तरफ आ रहा है। इसमें हरियाणा की शराब लदी है। सूचना पर आबकारी इंस्पेक्टर साथी सिपाहियों के साथ टूंडला टोल टैक्स पर पहुंचे। उन्होंने पीछा कर राजा का ताल के पास कैंटर को रुकवा लिया।
विज्ञापन
इस बीच चालक कैंटर से कूद कर भाग गया। पुलिस ने क्लीनर नदीम निवासी गुमद बिहारी नगीना हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। क्लीनर ने पूछताछ में बताया कि कैंटर के अंदर एक गोपनीय बाक्स में 138 पेटी अंग्रेजी शराब तथा चार पेटी बीयर रखी है। इसकी कीमत करीब 5.50 लाख रुपये है। जिला आबकारी अधिकारी ने शराब का सेवन विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को बांटने की बात से भी इनकार नहीं किया है। क्लीनर से पूछताछ चल रही है।
28 जनवरी को भी पकड़ी गई थी शराब
उत्तर थाना पुलिस के साथ आबकारी विभाग ने 28 जनवरी को सुभाष तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान डीसीएम से कच्ची शराब की करीब 115 पेटी देसी शराब बरामद करने के साथ ही कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया था।