मोहल्ला खेड़ा में पथराव, महिला सहित तीन घायल
- फोटो : Amar Ujala
डीजे बजाने को लेकर हुआ था विवाद
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा में रविवार रात डीजे बजाने को लेकर गौरीशंकर और रामनारायन पक्ष के बीच विवाद हो गया। क्षेत्रीय लोगों ने मामले को शांत करा दिया। तभी रामनारायन पक्ष ने मकान की छत से गौरीशंकर के घर पर पथराव कर दिया। इससे एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए।
रामनारायन ने अपनी पोती के नामकरण संस्कार पर रविवार को घर के बाहर डीजे लगवाया था। गौरीशंकर पक्ष ने डीजे लगाने का विरोध किया। तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। क्षेत्रीय लोगों ने मामले को शांत करा दिया। उसके बाद रामनारायन पक्ष के लोगों ने अपने मकान की छत से गौरीशंकर के घर पर पथराव कर दिया। इससे गौरीशंकर पक्ष के गुलाब सिंह और पिंटू के साथ गौरीशंकर के घर के समीप रहने वाली वृद्ध महिला मार्गश्री भी घायल हो गई। स्थानीय लोगों के विरोध करने पर रामनारायन पक्ष के लोग बाइक छोड़कर भाग गए। गौरीशंकर पक्ष के लोगों ने पथराव कर बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने गौरीशंकर पक्ष से गुलाब सिंह और पिंटू के साथ रामनारायन पक्ष से पप्पू और रामनारायन को गिरफ्तार कर शांतिभंग करने के आरोप में जेल भेज दिया है। दोनों पक्षों के बीच रिश्तेदारी भी बताई जा रही है।