किशोरी की मौत के बाद घर के बाहर लगी लोगों की भीड़।
जीआरपी मथुरा में तैनात सिपाही की बेटी माधुरी (14) ने गुरुवार दोपहर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। तमंचा युवती के पैरों के पास पड़ा था, शुरू परिवारीजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन बाद में उसके चाचा ने आत्महत्या करने की तहरीर दी है। साथ ही बताया है कि वह मानसिक रूप से बीमार थी।
माधुरी के पिता उत्तमपाल जीआरपी मथुरा में तैनात हैं और उनकी पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां मोहल्ला ओमनगर में रह रहे थे। बुधवार शाम उनकी पत्नी गुड्डी देवी बड़े बेटे कौशल कुमार (18) के साथ अपने मायके पृथ्वीपुर गई थी। घर पर माधुरी अपनी छोटी बहन मनोरमा (12) और भाई बिजेंद्र (9) थे। गुड्डी देवी के पिता ओमप्रकाश गुरुवार सुबह बच्चों के पास ओमनगर पहुंच गए थे, लेकिन घटना के वक्त वह भी बाजार गए हुए थे। माधुरी घर के काम कर रही थी। मनोरमा और बिजेंद्र छत पर खेल रहे थे। वे नीचे आए तो उन्होंने खून से लथपथ बहन का शव पड़े देखा। उसकी कनपटी पर गोली लगी थी, तमंचा पैरों के पास पड़ा था। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तमंचे को अपने कब्जे में ले लिया है। सूचना पर माधुरी की मां और अन्य लोग भी पहुंच गए। शव के पास तमंचा मिलने के आधार पर कौशल ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई, लेकिन हत्यारा कौन था और हत्या का कारण क्या, इसकी जानकारी वह नहीं दे पाया। कोतवाल शिकोहाबाद का कहना है कि माधुरी मानसिक रूप से परेशान थी। उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। माधुरी के चाचा रवि कुमार ने आत्महत्या करने की तहरीर दी है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। जांच के लिए कोतवाल शिकोहाबाद से कहा गया है। यदि जांच में मामला हत्या का निकलता है तो आरोपियों की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।
हिमांशु कुमार, एसएसपी