रामगढ़ थाने से 50 कदम की दूरी पर किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना से आक्रोशित हुए परिवारीजनों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मामला बढ़ता देख पुलिस ने आनन फानन में पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला अब्बास नगर निवासी सलमान (17) पुत्र उमर का तीन दिन पूर्व मोहल्ले के ही मोहम्मद आमिर से विवाद हुआ था। तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। पुलिस ने मामला भी दर्ज कर लिया था। पीड़ित परिवारीजनों की माने तो अंबेनगर निवासी बंटू की सलमान से दोस्ती थी। सोमवार रात करीब आठ बजे बंटू अपने साथियों के साथ सलमान के घर पहुंचा और उसको अपने साथ ले गया।
इसके बाद सलमान घर नहीं लौटा। सुबह करीब छह बजे सलमान का शव रामगढ़ थाने से करीब 50 कदम की दूरी पर अब्बासनगर के खेतों में पड़ा मिला। उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या की गई थी। सलमान का शव बरामद होने की सूचना पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया और वह क्षेत्रीय लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। किशोर की हत्या की खबर पर एसपी सिटी उदय शंकर सिंह, सीओ सिटी राजेश चौधरी और थानाध्यक्ष रामगढ़ पुलिस के साथ आ गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सलमान के शव को पीएम के लिए भेज दिया।
उधर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर भीड़ ने रामगढ़ थाने का घेराव करते हुए सीओ सिटी राजेश चौधरी की गाड़ी को रोक लिया। मामला बढ़ता देख सीओ सिटी थाने पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। आरोपियों के खिलाफ तहरीर लेकर मामला भी दर्ज करा दिया। थानाध्यक्ष रामगढ़ ने बताया कि पीड़ित परिवारीजनों की तहरीर पर आमिर, बंटू को नामजद करते हुए दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आमिर के चाचा सहित कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
जान बचाने के लिए सलमान ने लगाई थी दौड़
अब्बासनगर के जिस खेत में सलमान का शव बरामद किया गया था। वहां से चंद कदमों की दूरी पर तीन जोड़ी चप्पलों को भी पुलिस ने बरामद किया है। घटना स्थल पर लग रहा था कि सलमान ने हमलावरों से बचने के लिए घर की ओर दौड़ लगाई। उसे पकड़ने के लिए आरोपियों की चप्पलें भी छूट गईं और पीछा उसे मौत के घाट उतार दिया।