नर्सरी के छात्र की मौत के बाद एकत्रित लोग।
एक प्राइवेट स्कूल वैन की खिड़की से नर्सरी का छात्र गिर पड़ा। बच्चों के शोर मचाने पर भी चालक ने वैन नहीं रोकी और उसका पहिया छात्र के ऊपर से निकल गया। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वैन समेत भाग निकला। वह इधर-उधर घूमाता रहा और बाद में बछगांव चौराहे के निकट पेट्रोल पंप पर वैन खड़ी करके फरार हो गया। वैन में सवार अन्य बच्चे अनजान जगह छोड़ेे जाने से दहशत में आ गए।
नारखी थाना क्षेत्र के गांव ओखरा में बीएस कान्वेंट स्कूल है। स्कूल की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। वैन में आसपास के गांवों के पच्चीस से अधिक बच्चे सवार थे। खेरिया के पास वैन ने दो बच्चों को उतारा था और यहां वैन चालक लोकीगढ़ी गांव के लिए चला। इस बीच रास्ते में नर्सरी का छात्र देव (6) पुत्र प्रमोद कुमार वैन की खिड़की से गिर गया। दरअसल खेरिया पर बच्चों को उतारने के बाद खिड़की खुली रह गई और वैन में बच्चों की संख्या अधिक थी। देव के गिरते ही बच्चे चीखने लगे लेकिन चालक ने वैन रोकने की बजाए आगे बढ़ा दी। उसका पहिया मासूम देव के सिर के ऊपर से निकल गया। देव की मौके पर ही मौत हो गई। वैन चालक ने बच्चे को उठाने के बजाय भगाकर ले गया। लोकीगढ़ गांव में सात बच्चों को उतारना था लेकिन उन्हें भी उतारे बिना वैन नारखी की तरफ भगा ले गया और कई गांवों से होता हुआ बछगांव चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप पर वैन लाक कर खड़ी की और भाग गया। बच्चे वैन में ही कैद रहे। उधर खेरिया के पास छात्र देव का शव पड़ा होने पर लोग वैन की तलाश करने लगे। वैन के शीशे तोड़ते हुए बच्चों को बाहर निकाला गया। बच्चों में दहशत इतनी फैल गई कि वे रोने लगे। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। बच्चों और वैन को लेकर पुलिस थाने आ गई। थाने में अभिभावकों ने चालक का नाम शिब्बू बताया। पुलिस वैन के चालक की तलाश कर रही है। देव के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। स्कूल वैन में गैस सिलेंडर लगा हुआ था।
मानकों को ताक पर रख कर चल रहे स्कूल वाहन
स्कूल की वैन में आठ से अधिक बच्चे नहीं बैठ सकते। आटो से स्कूली बच्चों को लाना और ले जाना नियम विरुद्ध है। स्कूली वाहनों से एक बार ही टैक्स लिया जाता है। वाहन में सीएनजी किट लगवाने के लिए विभाग से अनुमति ली जाती है। इस तरह के वाहन चालकाें के खिलाफ विभाग द्वारा अभियान चलाकर उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है। नारखी थाना क्षेत्र में हुई घटना केे बाद स्कूली वाहन के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
शांतिभूषण पांडेय, एआरटीओ